Women's Discourse: A Journey of Identity, Self-Awareness, and Freedom, स्त्री विमर्श : अस्मिता, आत्मबोध और स्वाधीनता की यात्रा, आचार्य एस.वी.एस.एस. नारायण राजू
Women's Discourse: A Journey of Identity, Self-Awareness, and Freedom,
स्त्री विमर्श : अस्मिता, आत्मबोध और स्वाधीनता की यात्रा.
आचार्य एस.वी.एस.एस. नारायण राजू.
Welcome to Prof. S. V. S. S. Narayana Raju's YouTube
Channel
Topic: Women's Discourse: A Journey of Identity,
Self-Awareness, and Freedom
स्त्री विमर्श
: अस्मिता, आत्मबोध
और स्वाधीनता की यात्रा
Welcome to Prof. S. V. S. S. Narayana Raju's YouTube
Channel, a platform dedicated to Hindi language and literature, literary
criticism, Indian Knowledge Systems, cultural studies, and academic learning.
In today's enlightening lecture, we explore
"Women's Discourse: A Journey of Identity, Self-Awareness, and
Freedom", an important dimension of contemporary Hindi literature and
modern feminist thought.
Literature is not merely a reflection of society; it
is a creative expression of human experiences, social contradictions,
struggles, aspirations, and possibilities for transformation.
Twenty-first-century Hindi novels particularly reflect the changing realities
of Indian society in the context of globalization, modernization, technological
advancement, shifting family relationships, and identity-based movements.
This lecture examines the historical and cultural
position of women in Indian society, highlighting the contradictions between
their traditional glorification as symbols of strength, knowledge, motherhood,
and compassion and their experiences of social inequality, discrimination, and
patriarchal restrictions.
Women's discourse is not fundamentally a struggle
against men, but a movement towards equality, dignity, self-respect, freedom,
and independent decision-making. It seeks to recognize women as autonomous
individuals with equal rights in education, employment, family life, social
participation, and political representation.
The discussion also emphasizes that women's
emancipation cannot be restricted to bodily autonomy alone. Genuine freedom
requires social, economic, educational, cultural, psychological, and political
empowerment.
Through this lecture, viewers will understand how
contemporary feminist thought and Hindi literature contribute to women's
identity, self-awareness, resistance against inequality, and the realization of
meaningful freedom.
This lecture will be especially useful for students,
research scholars, teachers, literary enthusiasts, and aspirants preparing for
UGC NET/JRF Hindi and other competitive examinations.
Join us in exploring how women's discourse
contributes to the creation of a more inclusive, equitable, democratic, and
humane society.
Thank you for watching!
Please Like, Share, Subscribe, and turn on the
Notification Bell for more insightful academic lectures on Hindi Literature,
Literary Criticism, Indian Knowledge Systems, and Contemporary Literary
Discourses.
साहित्य अपने समय, समाज और मनुष्य की संवेदनात्मक चेतना का सृजनात्मक दस्तावेज होता है. वह
केवल सामाजिक यथार्थ का प्रतिबिम्ब प्रस्तुत नहीं करता, बल्कि
उस यथार्थ के भीतर सक्रिय अंतर्विरोधों, संघर्षों, आकांक्षाओं और परिवर्तन की संभावनाओं को भी उद्घाटित करता है. इस दृष्टि
से हिन्दी उपन्यास आधुनिक भारतीय समाज के सामाजिक-सांस्कृतिक परिवर्तन को समझने की
एक महत्त्वपूर्ण साहित्यिक विधा के रूप में प्रतिष्ठित हुआ है. विशेषतः इक्कीसवीं
सदी का हिन्दी उपन्यास भूमंडलीकरण, उदारीकरण, बाजारवाद, उपभोक्तावाद, सूचना-प्रौद्योगिकी,
महानगरीय जीवन, बदलते पारिवारिक संबंधों तथा
अस्मितामूलक विमर्शों के बीच निर्मित भारतीय समाज की जटिलताओं को व्यापकता से
अभिव्यक्त करता है. स्त्री-विमर्श इस समकालीन साहित्यिक-सामाजिक चेतना का अत्यंत
महत्त्वपूर्ण पक्ष है.
भारतीय समाज में स्त्री की स्थिति
सदैव एकरेखीय नहीं रही है. भारतीय सांस्कृतिक परंपरा में स्त्री को शक्ति, ज्ञान, सृजन, मातृत्व और करुणा
के उच्च आदर्शों से संबद्ध किया गया, परन्तु सामाजिक संरचना
के अनेक स्तरों पर उसे असमानता, रूढ़ियों, नियंत्रण और पितृसत्तात्मक मर्यादाओं का सामना भी करना पड़ा. आधुनिक काल
में शिक्षा, सामाजिक सुधार आंदोलनों, लोकतांत्रिक
मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों के विस्तार ने स्त्री के व्यक्तित्व, अधिकार और सामाजिक स्थिति से संबंधित प्रश्नों को नई दृष्टि प्रदान की.
स्वतंत्रता के बाद स्त्री-शिक्षा, रोजगार और सार्वजनिक जीवन
में सहभागिता बढ़ी परन्तु सामाजिक व्यवहार में समानता का लक्ष्य अभी भी पूर्णतः
प्राप्त नहीं हुआ. यही विरोधाभास समकालीन स्त्री-विमर्श की आधारभूमि निर्मित करता
है.
स्त्री-विमर्श का अर्थ पुरुष-विरोध
नहीं है और न ही उसे केवल स्त्री की देह अथवा यौन-स्वतंत्रता के प्रश्न तक सीमित
किया जा सकता है. उसका मूल सरोकार स्त्री को एक स्वतंत्र मानवीय सत्ता के रूप में
स्वीकार करने से है. वह स्त्री की सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, शैक्षिक, सांस्कृतिक
और मानसिक स्वतंत्रता की पक्षधरता करता है. स्त्री को अपने जीवन, शिक्षा, रोजगार, विवाह,
परिवार और भविष्य के विषय में निर्णय लेने का अधिकार प्राप्त हो, यह
स्त्री-विमर्श की केंद्रीय चिंता है. इसलिए स्त्री-विमर्श मूलतः समानता, न्याय, गरिमा और मानवीय स्वतंत्रता का विमर्श है.
रेखा कस्तवार ने स्त्री-विमर्श के
इसी व्यापक स्वरूप की ओर संकेत करते हुए इसे केवल देह-मुक्ति तक सीमित न मानकर
सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक स्वतंत्रता तथा समानता के प्रश्नों से जोड़ा है. उनके
विचार में स्त्री-मुक्ति को सामाजिक और राजनीतिक मुक्ति की व्यापक प्रक्रिया से
अलग करके नहीं देखा जा सकता. यह दृष्टि इसलिए महत्त्वपूर्ण है कि स्त्री की
वास्तविक स्वतंत्रता तभी संभव है जब उसके जीवन से जुड़े सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक, सांस्कृतिक
और राजनीतिक अवरोधों का समग्र विश्लेषण किया जाए.
इसी प्रकार आधुनिक नारीवादी चिंतन
स्त्री के प्रश्न को व्यापक मानवीय न्याय के संदर्भ में देखने की प्रेरणा देता है.
स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रतिनिधित्व,
अवसर और निर्णय-प्रक्रिया में समान भागीदारी किसी एक वर्ग की विशेष
माँग नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक समाज के आधारभूत मानवीय अधिकार
हैं. इस अर्थ में स्त्री-विमर्श समाज से अलग कोई स्वतंत्र द्वीप नहीं है. समाज में
घटित प्रत्येक राजनीतिक, आर्थिक, सांस्कृतिक
अथवा तकनीकी परिवर्तन का प्रभाव स्त्री के जीवन पर भी पड़ता है. अतः स्त्री को
सामाजिक परिवर्तन की निष्क्रिय प्राप्तकर्त्ता नहीं, बल्कि
उसकी सक्रिय सहभागी और निर्णायक इकाई के रूप में स्वीकार करना आवश्यक है.
इक्कीसवीं सदी में स्त्री-विमर्श के
प्रश्न और अधिक जटिल हुए हैं. एक ओर स्त्री शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, प्रशासन, राजनीति,
साहित्य, मीडिया, उद्योग,
व्यवसाय और अन्य अनेक क्षेत्रों में अपनी उल्लेखनीय उपस्थिति दर्ज
करा रही है, दूसरी ओर घरेलू हिंसा, दहेज, यौन उत्पीड़न, कार्यस्थल पर असमानता, आर्थिक निर्भरता, लैंगिक भेदभाव, पारिवारिक नियंत्रण और स्त्री की देह के वस्तुकरण जैसी समस्याएँ अभी भी
विद्यमान हैं. आधुनिक स्त्री के सामने संघर्ष का स्वरूप इसलिए भी जटिल है कि उसे
परंपरा और आधुनिकता, परिवार और व्यक्तित्व, संबंध और स्वायत्तता तथा सामाजिक अपेक्षाओं और निजी आकांक्षाओं के बीच
निरंतर संतुलन स्थापित करना पड़ता है.
इक्कीसवीं सदी का हिन्दी उपन्यास इस
बदलती हुई स्त्री को अनेक रूपों में हमारे सामने प्रस्तुत करता है. अब उपन्यास की
स्त्री केवल करुणा की पात्र या त्याग की प्रतिमूर्ति नहीं है. वह प्रश्न करती है, प्रतिरोध करती है, निर्णय लेती है, असफल होती है, पुनः खड़ी होती है और अपने जीवन की
दिशा स्वयं निर्धारित करने का प्रयास करती है. इस साहित्य में स्त्री का संघर्ष
बाहरी पितृसत्ता के विरुद्ध ही नहीं, बल्कि उन संस्कारों और
मानसिक संरचनाओं के विरुद्ध भी है जिन्हें उसने दीर्घकालीन सामाजिक प्रशिक्षण के
कारण स्वयं आत्मसात कर लिया है. यही कारण है कि समकालीन स्त्री-विमर्श में स्त्री
की आंतरिक चेतना, आत्मसंघर्ष और आत्मनिर्णय के प्रश्न विशेष
महत्त्व रखते हैं.
समकालीन स्त्री के जीवन में
विवाह-संस्था एक अत्यंत महत्त्वपूर्ण प्रश्न के रूप में उपस्थित होती है. भारतीय
समाज में विवाह केवल दो व्यक्तियों का निजी संबंध नहीं, बल्कि परिवार, जाति, समुदाय,
परंपरा और सामाजिक प्रतिष्ठा से संबद्ध संस्था भी है. इसलिए स्त्री
के लिए विवाह कई बार व्यक्तिगत आकांक्षा और सामाजिक अपेक्षा के द्वंद्व का क्षेत्र
बन जाता है. जब विवाह में समानता, पारस्परिक सम्मान और
विश्वास का अभाव होता है, तब वह संबंध स्त्री के
व्यक्तित्व-विकास में बाधक भी बन सकता है.
ममता कालिया के ‘सपनों की होम डिलीवरी’ की रुचि इसी प्रकार की समकालीन स्त्री का
प्रतिनिधित्व करती है. वह महानगरीय मध्यवर्गीय परिवेश से संबंधित, प्रतिभाशाली और आत्मनिर्भर बनने की क्षमता रखने वाली स्त्री है. उसका
विवाह उसकी इच्छा के विपरीत प्रभाकर से कर दिया जाता है और उसकी शिक्षा भी पूर्ण
नहीं हो पाती. परिवार को बचाए रखने के लिए वह पति के अनेक व्यवहारों को सहन करती
है, किन्तु जब पुरुषवादी अधिकार-बोध नैतिक सीमाओं का
अतिक्रमण करने लगता है, तब वह निर्णायक प्रतिरोध करती है.
रुचि का घर छोड़ने का निर्णय केवल वैवाहिक असंतोष की प्रतिक्रिया नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और नैतिक असहमति की घोषणा बन जाता है.
यहाँ एक महत्त्वपूर्ण तथ्य यह है कि
समकालीन स्त्री-विमर्श परिवार को अनिवार्यतः नकारता नहीं है, वह परिवार के भीतर
समानता और सम्मान की माँग करता है. स्त्री परिवार की सदस्य है, संपत्ति नहीं. उसकी सहनशीलता को उसकी विवशता मान लेना पितृसत्तात्मक
दृष्टि का परिणाम है. जब सहनशीलता की सीमा समाप्त होती है, तब
उसका प्रतिरोध आत्मसम्मान की पुनर्प्राप्ति का माध्यम बन सकता है.
शरद सिंह के ‘कस्बाई सिमोन’ में स्त्री-स्वाधीनता का एक अलग आयाम सामने आता है. इसकी
नायिका सुगंधा के जीवन पर माता-पिता के असफल वैवाहिक संबंधों का गहरा प्रभाव पड़ता
है. वह आर्थिक और भावनात्मक रूप से आत्मनिर्भर जीवन की आकांक्षा रखती है तथा
पारंपरिक विवाह-संस्था से अलग संबंधों के विकल्प पर विचार करती है. लिव-इन संबंध
यहाँ केवल आधुनिक जीवन-शैली का बाहरी प्रतीक नहीं रह जाता, बल्कि
स्त्री-पुरुष संबंधों में समानता, स्वायत्तता, सामाजिक स्वीकृति और व्यक्तिगत चयन से जुड़े प्रश्नों को जन्म देता है.
सुगंधा का अनुभव यह स्पष्ट करता है
कि कानूनी अथवा आर्थिक स्वतंत्रता प्राप्त कर लेना ही स्त्री-मुक्ति की अंतिम
अवस्था नहीं है. सामाजिक मानसिकता का परिवर्तन उससे कहीं अधिक कठिन प्रक्रिया है.
महानगर और कस्बे, शिक्षित और अशिक्षित वर्ग तथा
आधुनिकता और परंपरा के बीच स्त्री के प्रति दृष्टिकोण में अनेक स्तरों पर
अंतर्विरोध दिखाई देते हैं. परिवार में पुत्र को पुत्री की अपेक्षा अधिक महत्त्व
देना, लड़की की शिक्षा की तुलना में विवाह और दहेज के लिए
अधिक चिंता करना तथा घर से लेकर सार्वजनिक स्थानों तक स्त्री की सुरक्षा का प्रश्न
आज भी स्त्री-विमर्श के केंद्र में बना हुआ है.
रंजना जायसवाल का ‘और मेघ बरसते रहे’ स्त्री-संघर्ष को पीढ़ीगत परिप्रेक्ष्य में देखने का
अवसर प्रदान करता है. फूलमती, लता और मृदु जैसी स्त्रियों के
माध्यम से यह समझा जा सकता है कि स्त्री-जीवन की समस्याएँ समय के साथ बदलती अवश्य
हैं, किन्तु पितृसत्तात्मक मानसिकता अनेक परिवर्तित रूपों
में एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक संचरित होती रहती है.
फूलमती उस पीढ़ी की प्रतिनिधि है
जिसमें बाल-विवाह, अनमेल विवाह और पारिवारिक
नियंत्रण स्त्री-जीवन की सामान्य सामाजिक वास्तविकताएँ थीं. इसके बावजूद वह कठिन
परिस्थितियों में परिवार और व्यवसाय का उत्तरदायित्व संभालते हुए आत्मनिर्भर बनती
है. उसका संघर्ष यह सिद्ध करता है कि आत्मनिर्भरता की चेतना केवल आधुनिक शिक्षित
स्त्री की उपलब्धि नहीं है, भारतीय समाज की अनेक साधारण स्त्रियों ने प्रतिकूल परिस्थितियों
में अपने श्रम, साहस और निर्णय-क्षमता से जीवन को संभाला है.
दूसरी पीढ़ी की लता का संघर्ष अलग
है. गरीबी, मातृत्व, पति की
पितृसत्तात्मक मानसिकता और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच वह अपने बच्चों,
विशेषतः बेटियों की शिक्षा के लिए संघर्ष करती है. स्वयं अभावग्रस्त
जीवन जीते हुए अगली पीढ़ी को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की उसकी आकांक्षा
स्त्री-चेतना के क्रमिक विकास का संकेत है. उसकी त्रासदी यह है कि परिवार के लिए
किए गए उसके श्रम और त्याग को वह सामाजिक सम्मान प्राप्त नहीं होता जिसका वह
अधिकार रखती है.
मृदु की स्थिति आधुनिक मध्यवर्गीय
स्त्री के अंतर्द्वंद्व को अधिक स्पष्ट रूप से सामने लाती है. प्रतिभा, शिक्षा और व्यक्तित्व होते हुए भी विवाह और मातृत्व के बाद वह अपनी अनेक
आकांक्षाओं को स्थगित करती है. जब तक वह पितृसत्तात्मक अपेक्षाओं के अनुरूप पत्नी
और माँ की भूमिका तक सीमित रहती है, पारिवारिक संरचना सहज
दिखाई देती है परन्तु जैसे ही वह अपने व्यक्तित्व और आकांक्षाओं के अनुरूप जीवन
जीने का प्रयास करती है, संघर्ष आरंभ हो जाता है. यही स्थिति
आधुनिक स्त्री-विमर्श के एक बुनियादी प्रश्न को जन्म देती है कि क्या स्त्री को
परिवार और अपने व्यक्तित्व में से किसी एक को चुनना ही पड़ेगा, अथवा एक न्यायपूर्ण समाज ऐसी व्यवस्था विकसित कर सकता है जिसमें दोनों का
संतुलित सह-अस्तित्व संभव हो?
समकालीन स्त्री-विमर्श में आर्थिक
आत्मनिर्भरता का प्रश्न अत्यंत महत्त्वपूर्ण है. आर्थिक निर्भरता अनेक बार स्त्री
की निर्णय-क्षमता को सीमित करती है. किन्तु केवल रोजगार प्राप्त कर लेना भी
पर्याप्त नहीं है. कार्यरत स्त्री के सामने घरेलू श्रम और पेशेवर उत्तरदायित्व का
दोहरा दबाव उपस्थित हो सकता है. इसलिए स्त्री की आर्थिक स्वतंत्रता के साथ घरेलू
श्रम के न्यायपूर्ण विभाजन, निर्णय-प्रक्रिया में समान
भागीदारी और उसके पेशेवर व्यक्तित्व के सम्मान की आवश्यकता भी जुड़ी हुई है.
शिक्षा इस मुक्ति-प्रक्रिया का
दूसरा महत्त्वपूर्ण आधार है. स्त्री-शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम
नहीं, बल्कि आत्मबोध, अधिकार-चेतना, तार्किकता
और निर्णय-क्षमता का आधार है. प्रस्तुत उपन्यासों की स्त्रियों के अनुभवों से यह
तथ्य बार-बार सामने आता है कि शिक्षा और आत्मनिर्भरता स्त्री को अपनी स्थिति समझने
तथा उसके परिवर्तन की संभावनाएँ तलाशने की शक्ति प्रदान करती हैं.
स्त्री-विमर्श के संदर्भ में देह और
सुरक्षा के प्रश्न को भी उपेक्षित नहीं किया जा सकता. घरेलू क्षेत्र, कार्यस्थल और सार्वजनिक जीवन में स्त्री की सुरक्षा एक सभ्य समाज की
बुनियादी कसौटी है. स्त्री की देह पर नियंत्रण स्थापित करने की प्रवृत्ति
पितृसत्ता के सबसे पुराने साधनों में रही है किन्तु स्त्री-विमर्श की सार्थकता
केवल इस नियंत्रण के प्रतिरोध में नहीं, बल्कि स्त्री को
पूर्ण मनुष्य के रूप में स्वीकार करने में है, ऐसा मनुष्य जिसके पास बुद्धि,
संवेदना, इच्छा, स्वप्न,
श्रम, सृजनशीलता और निर्णय-क्षमता है.
स्त्री-विमर्श का उद्देश्य मातृत्व
अथवा परिवार का अवमूल्यन करना नहीं, बल्कि यह प्रश्न
उठाना है कि इन भूमिकाओं का समस्त दायित्व केवल स्त्री पर क्यों हो. माँ, पत्नी और बहू की भूमिकाओं के अतिरिक्त स्त्री की अपनी स्वतंत्र पहचान भी
है. वह शिक्षिका, लेखिका, प्रशासक,
वैज्ञानिक, कलाकार, व्यवसायी,
राजनीतिक कार्यकर्ता अथवा किसी भी अन्य क्षेत्र की सक्रिय नागरिक हो
सकती है. उसकी पारिवारिक भूमिकाएँ उसकी संपूर्ण पहचान का विकल्प नहीं हो सकतीं.
इक्कीसवीं सदी के सामाजिक परिदृश्य
में बाजारवाद और मीडिया ने भी स्त्री की छवि को नए ढंग से प्रभावित किया है. एक ओर
मीडिया ने स्त्री को अभिव्यक्ति और दृश्यता के नए मंच प्रदान किए हैं दूसरी ओर
उपभोक्तावादी संस्कृति ने स्त्री-देह को वस्तु के रूप में प्रस्तुत करने की
प्रवृत्ति को भी बढ़ाया है. फलतः आधुनिक स्त्री एक विचित्र विरोधाभास का सामना
करती है कि उसे स्वतंत्र होने के लिए प्रेरित किया जाता है, पर उसी समय सौंदर्य, देह और उपभोग के नए मानकों में
बाँधने का प्रयास भी किया जाता है. हिन्दी उपन्यास इन अंतर्विरोधों को समझने का
प्रभावी माध्यम बनता है.
स्त्री-विमर्श की एक महत्त्वपूर्ण
उपलब्धि यह है कि उसने उन अनुभवों को सामाजिक, सांस्कृतिक और
वैचारिक विश्लेषण के केंद्र में स्थापित किया, जिन्हें लंबे
समय तक परिवार और व्यक्ति की ‘निजी समस्याएँ’ मानकर सार्वजनिक विमर्श से बाहर रखा
गया था. घरेलू हिंसा, विवाह संस्था में असमानता, स्त्री का अवैतनिक घरेलू श्रम, मातृत्व से जुड़े
सामाजिक दबाव, संपत्ति में अधिकार, शिक्षा
के अवसर, यौन उत्पीड़न, कार्यस्थल पर
भेदभाव तथा जीवन-संबंधी निर्णय लेने की स्वतंत्रता जैसे प्रश्न अब केवल व्यक्तिगत
अनुभव नहीं माने जाते, बल्कि व्यापक सामाजिक संरचना और
सत्ता-संबंधों से जुड़े प्रश्नों के रूप में देखे जाते हैं. स्त्री-विमर्श ने इस
तथ्य को रेखांकित किया है कि जहाँ असमानता, वर्चस्व और
शक्ति-संबंध विद्यमान हों, वहाँ निजी और सार्वजनिक जीवन के
बीच कठोर विभाजन संभव नहीं है. परिवार भी समाज की ही एक मूलभूत संस्था है और उसमें
उपस्थित लैंगिक असमानताएँ व्यापक सामाजिक व्यवस्था से गहरे रूप में संबद्ध होती
हैं.
इसके साथ ही यह समझना भी आवश्यक है
कि भारतीय स्त्री का अनुभव एकरूप अथवा एकरेखीय नहीं है. वर्ग, जाति, शिक्षा, आर्थिक स्थिति,
ग्रामीण-शहरी परिवेश, भाषा, संस्कृति, धर्म, क्षेत्र और
पीढ़ीगत अंतर स्त्री-अनुभव को विभिन्न स्तरों पर प्रभावित करते हैं. महानगरीय,
उच्च शिक्षित और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर स्त्री की समस्याएँ
ग्रामीण, अशिक्षित अथवा आर्थिक रूप से वंचित स्त्री की
समस्याओं से अनेक संदर्भों में भिन्न हो सकती हैं. इसी प्रकार एक ही सामाजिक
परिवेश में रहने वाली स्त्रियों की आकांक्षाएँ, संघर्ष और
प्रतिरोध की स्थितियाँ भी समान नहीं होतीं. अतः समकालीन स्त्री-विमर्श को एकांगी
दृष्टिकोण के स्थान पर बहुलतामूलक और समावेशी दृष्टि अपनानी होगी. हिन्दी उपन्यास
अपनी व्यापक सामाजिक भूमि और विविध चरित्र-संसार के कारण इन बहुआयामी
स्त्री-अनुभवों को समझने के लिए अत्यंत महत्त्वपूर्ण माध्यम सिद्ध होता है.
स्त्री-विमर्श में पुरुष की भूमिका
को भी संतुलित दृष्टि से समझना आवश्यक है. इसका उद्देश्य स्त्री और पुरुष के बीच
संघर्ष की स्थायी विभाजन-रेखा खींचना नहीं है, बल्कि उन असमान
सत्ता-संबंधों की पहचान करना है जिनके कारण स्त्री को अवसर, सम्मान,
स्वतंत्रता और निर्णय-क्षमता के स्तर पर पीछे रखा गया. इसका अंतिम
उद्देश्य सामाजिक संबंधों का लोकतांत्रिक और मानवीय पुनर्गठन है. समतामूलक समाज की
स्थापना स्त्री को ही नहीं, पुरुष को भी रूढ़ और कृत्रिम
लैंगिक भूमिकाओं से मुक्त करती है. पुरुष से कठोरता, वर्चस्व
और भावनात्मक निर्विकारता की अपेक्षा तथा स्त्री से त्याग, मौन,
सहनशीलता और समर्पण की अनिवार्य अपेक्षा—दोनों ही मनुष्य की
स्वाभाविक संभावनाओं को सीमित करती हैं. इसलिए स्त्री-विमर्श मूलतः स्त्री-मुक्ति
के साथ-साथ अधिक न्यायपूर्ण, संवेदनशील और मानवीय समाज के
निर्माण का विमर्श है.
वस्तुतः स्त्री-विमर्श की वैचारिक
यात्रा ‘स्त्री को अधिकार प्रदान करने’ की संरक्षकवादी धारणा से आगे बढ़कर ‘स्त्री
के अधिकारों को स्वाभाविक मानवीय अधिकार के रूप में स्वीकार करने’ तक पहुँचती है.
स्वतंत्रता किसी व्यक्ति, परिवार अथवा सत्ता द्वारा
स्त्री को प्रदान किया गया उपहार नहीं है; वह मनुष्य होने के
नाते उसका जन्मसिद्ध अधिकार है. इसी प्रकार समानता का अर्थ स्त्री और पुरुष की
जैविक अथवा व्यक्तित्वगत भिन्नताओं को नकारना भी नहीं है. समानता का वास्तविक अर्थ
है—अवसर, शिक्षा, संसाधन, सम्मान, निर्णय, अभिव्यक्ति,
संपत्ति और मानवीय गरिमा के स्तर पर किसी प्रकार का लैंगिक भेदभाव न
होना.
इक्कीसवीं सदी की स्त्री अपने
पूर्ववर्ती स्त्री-अनुभवों, संघर्षों और स्मृतियों को अपने
साथ लेकर आगे बढ़ती है, किंतु वह उन्हीं सीमाओं और रूढ़ियों
के भीतर जीवन बिताने के लिए तैयार नहीं है. फूलमती का श्रम, लता
का त्याग और संघर्ष, मृदु की आकांक्षाएँ, रुचि का आत्मसम्मान तथा सुगंधा की स्वाधीनता की खोज स्त्री-चेतना के विकास
की अलग-अलग अवस्थाओं और सामाजिक परिस्थितियों का प्रतिनिधित्व करती हैं. इन
पात्रों को एक साथ रखकर देखने पर भारतीय स्त्री के संघर्ष का एक व्यापक सामाजिक
मानचित्र निर्मित होता है. इस मानचित्र में पीड़ा है तो प्रतिरोध भी है; परंपरा है तो परिवर्तन की आकांक्षा भी; पारिवारिक
संबंधों का मोह है तो व्यक्तिगत अस्मिता की खोज भी; सामाजिक
बाधाएँ हैं तो उनसे बाहर निकलकर नए जीवन के निर्माण की संभावनाएँ भी उपस्थित हैं.
इन स्त्री-पात्रों के अनुभव यह भी
सिद्ध करते हैं कि स्त्री-मुक्ति का अर्थ केवल परिवार से बाहर निकलना अथवा आर्थिक
रूप से आत्मनिर्भर हो जाना नहीं है. वास्तविक स्वतंत्रता का संबंध निर्णय लेने की
क्षमता, आत्मसम्मान, वैचारिक स्वायत्तता, सामाजिक स्वीकार्यता और अपने जीवन की दिशा निर्धारित करने के अधिकार से
है. आर्थिक आत्मनिर्भरता निश्चित रूप से स्त्री को महत्त्वपूर्ण शक्ति प्रदान करती
है, किंतु सामाजिक मानसिकता में परिवर्तन के अभाव में आर्थिक
रूप से सक्षम स्त्री भी अनेक प्रकार के पारिवारिक और सामाजिक दबावों का सामना करती
है. इसी प्रकार शिक्षा केवल रोजगार का साधन नहीं, बल्कि
स्त्री में आत्मबोध, आलोचनात्मक चेतना, अधिकार-बोध और प्रश्न करने की क्षमता विकसित करने का माध्यम बनती है.
आधुनिकता, शिक्षा, कानून और आर्थिक विकास के बावजूद पितृसत्तात्मक मानसिकता का बने रहना यह संकेत करता है कि सामाजिक परिवर्तन केवल बाहरी संस्थागत सुधारों से संभव नहीं है. उसके लिए परिवार, शिक्षा, भाषा, साहित्य, संस्कृति और सामाजिक व्यवहार के स्तर पर गहन मानसिक परिवर्तन आवश्यक है. पितृसत्ता समय के साथ अपने स्वरूप बदलती रहती है; कभी वह परंपरा और मर्यादा के नाम पर सामने आती है, तो कभी सुरक्षा, प्रेम, प्रतिष्ठा अथवा सामाजिक स्वीकृति के नाम पर स्त्री के निर्णयों को नियंत्रित करती है. समकालीन हिन्दी उपन्यास इन सूक्ष्म और परिवर्तित रूपों को पहचानने तथा उनके विरुद्ध स्त्री की उभरती चेतना को अभिव्यक्त करने में विशेष भूमिका निभाता है.
इक्कीसवीं सदी के हिन्दी उपन्यासों
में अभिव्यक्त स्त्री-विमर्श यह प्रमाणित करता है कि स्त्री-अस्मिता का प्रश्न
केवल स्त्री के व्यक्तिगत जीवन तक सीमित नहीं है, बल्कि वह भारतीय
समाज की लोकतांत्रिकता, न्यायप्रियता और मानवीय संवेदना की
कसौटी भी है. स्त्री की स्वतंत्रता की वास्तविक परीक्षा इस बात में निहित है कि वह
अपने जीवन, शिक्षा, रोजगार, विवाह, मातृत्व, संबंधों और
भविष्य के विषय में कितनी स्वतंत्रता से निर्णय ले सकती है तथा समाज उसके निर्णयों
को कितने सम्मान के साथ स्वीकार करता है.
परिवार और व्यक्तिगत अस्मिता के बीच
संतुलन का अर्थ किसी एक का निषेध नहीं, बल्कि ऐसे संबंधों
की स्थापना है जिनमें प्रेम और आत्मीयता के साथ समानता, संवाद
और पारस्परिक सम्मान भी विद्यमान हों. आर्थिक आत्मनिर्भरता स्त्री-मुक्ति का
महत्त्वपूर्ण आधार है, परंतु उसकी पूर्णता तभी संभव है जब
सामाजिक मानसिकता, पारिवारिक संरचना और सांस्कृतिक मूल्यों
में भी समानता को स्वीकार किया जाए. शिक्षा स्त्री को केवल ज्ञान ही नहीं प्रदान
करती, बल्कि उसे स्वयं को पहचानने, प्रश्न
करने, अन्याय का प्रतिरोध करने और अपनी संभावनाओं का विस्तार
करने की शक्ति देती है.
फूलमती, लता, मृदु, रुचि और सुगंधा
जैसे पात्रों के माध्यम से स्पष्ट होता है कि हिन्दी उपन्यास में स्त्री अब केवल
करुणा, त्याग और सहनशीलता की प्रतिमूर्ति नहीं रही. वह
प्रश्न करती है, निर्णय लेती है, प्रतिरोध
करती है, अपनी अस्मिता की रक्षा करती है और आवश्यकता पड़ने
पर स्थापित सामाजिक मान्यताओं को चुनौती भी देती है. उसकी चेतना व्यक्तिगत अनुभव
से आरंभ होकर सामाजिक परिवर्तन की आकांक्षा तक विस्तृत होती है.
अतः स्त्री-विमर्श का अंतिम लक्ष्य
पुरुष-विरोध नहीं, बल्कि असमानता-विरोध है;
परिवार-विरोध नहीं, बल्कि परिवार के भीतर
लोकतांत्रिक संबंधों की स्थापना है; परंपरा का पूर्ण निषेध
नहीं, बल्कि उन परंपरागत मूल्यों की पुनर्समीक्षा है जो
स्त्री की गरिमा और स्वतंत्रता को सीमित करते हैं. साहित्य इस प्रक्रिया में समाज
को तत्काल और अंतिम समाधान भले न दे, किंतु वह उन प्रश्नों
को हमारे सामने अनिवार्य रूप से उपस्थित करता है जिन्हें लंबे समय तक दबाया अथवा
उपेक्षित किया गया है.
साहित्य की सबसे बड़ी सार्थकता इसी
में है कि वह मनुष्य को संवेदनशील बनाता है, स्थापित सत्य को
प्रश्नांकित करने की दृष्टि प्रदान करता है और संभावित बेहतर समाज की कल्पना को
जीवित रखता है. इक्कीसवीं सदी का हिन्दी उपन्यास स्त्री-अनुभवों की विविधता,
उसके संघर्ष, प्रतिरोध, आत्मसम्मान
और स्वाधीनता की आकांक्षा को स्वर देते हुए ऐसे समाज की संकल्पना प्रस्तुत करता है
जिसमें स्त्री और पुरुष दोनों समान गरिमा, स्वतंत्रता और
पारस्परिक सम्मान के साथ जीवन जी सकें. यही समकालीन स्त्री-विमर्श की व्यापक
सामाजिक प्रासंगिकता और उसकी सबसे बड़ी उपलब्धि है.
Comments